सोमवार, 9 जून 2008

इन हमामों से हर कोई धुलकर गया

हास्य-गज़ल
कोई छुपकर गया कोई खुलकर गया
इन हमामों से हर कोई धुलकर गया
जिंदगी में किया जो भी अच्छा-बुरा
वो सभी कुछ तराजू पे तुलकर गया
नगमें गाती नहीं अब वो इकरार के
इतना गमगीन बुलबुल को बुल कर गया
हमको ऐसा हुनरमंद मिस्त्री मिला
जल रही थी जो बत्ती वो गुल कर गया
उनकी आंखों में दरिया है तेजाब का
जिसमें पत्थर भी डूबा तो घुलकर गया
बच्चे पैदा किये और खुद मर गया
काम जीवन में इतना वो कुल कर गया
सीनाजोरी ज़रा देखिए चोर की
सीनाताने वो लॉकअप से खुलकर गया
शौक से टे्न की चेन वो खींचता

क्यों पजामे के नाड़े को पुल कर गया
फ्लाप नीरव लगी फिल्म की हिरोइन
रोल हीरो मगर ब्यूटीफुल कर गया।
पं. सुरेश नीरव
मो.९८१०२४३९६६

शनिवार, 7 जून 2008

चंबल का दूसरा चेहरा भी है..


चंबल का दूसरा चेहरा भी है..

.चंबल के बीहड़ों की जब भी चर्चा चलती है तो अनायास ही बागी सरदार मान सिंह से शुरू हुई एक परंपरा लाखन सिंह, रूपा, पुतली बाई से चलकर मोहर सिंह, माधव सिंह,मलखान सिंह से होती हुई निर्भय गुर्जर तक पहुंचकर थोड़ा रुकती है और भविष्य के नामों के लिए बांहें फैलाने लगती है। मगर चंबल की यह घाटी महर्षियों की तपोभूमि और क्रंतिकारियों तथा कलाकारों की साधना स्थली रही है, यह बात दुर्भाग्य से हर बार अचीन्ही रह जाती है। पौराणिक गाथाओं की आभा से दीप्त-प्रदीप्त महर्षि भिंडी ( जिनके नाम से भिंड नगर बसा) और गालव ( जिनके नाम से ग्वालियर नगर बसा) की तपःस्थली के ही पुण्य-प्रसून थे-संगीत सम्राट तानसेन और बैजू बावरा। रायरू गांव की गूजरी, जो आगे चलकर राजा मानसिंह की रानी मृगनयनी बनती है,जिसने अपने पराक्रम से यवन सेना को पराजित करके तोमर वंश की यशःगाथा को इतिहास में दर्ज कराया था, वह इसी चंबल की माटी की बेटी थी। इसी चंबल की माटी के पुत्रों को बागी संबोधन का क्रांतिकारी चेहरा देनेवाले मैनपुरी षड्यंत्र कांड के पं.गैंदालाल दीक्षित ने मई गांव में ही बैठकर क्रांति का ताना-बाना बुना था और उनके शिष्य काकोरी कांड के महानायक पं. रामप्रसाद बिस्मिल (जिनके बाबा तंवरघारःअंबाह के थे ) ने भदावर राज्य के पिनाहाट और होलीपुरा में फरारी के दिनों में मवेशी चराते हुए मनकी तरंग और कैथराईन-जैसी कृतियों का सृजन किया था। प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की जब पूरे देश में लौ बुझने लगी थी तो चंबल और यमुना के दोआब में रूपसिंह और निरंजन सिंह ने तात्याटोपे और शाहजादा फिरोजशाह को साथ लेकर फिरंगी सेना को धूल चटाते हुए यहां आजादी का परचम फहराकर एक नया इतिहास लिख दिया था। यहां के लोकगीत लंगुरिया और सपरी में चंबल की माटी की सौंधी-सौंधी गंध महकती है। और शस्त्रीय संगीत में ग्वालियर घराना क्या हैसियत रखता है, यह बताना निहायत अनुत्पादक श्रम होगा। इस क्षेत्र के बुद्धिजीवी, चंबल के इस सांस्कृतिक आयाम को, जो कि दुर्भाग्यवशात् अचीन्हा ही रह जाता है,व्यापक फलक पर लाकर सर्वव्यापी बनाएं,इस सार्थक प्रयास की मैं उनसे पूरी शिद्दत के साथ उम्मीद करता हूं...एवमस्तु।।
विनयावनत
पं. सुरेश नीरव

शुक्रवार, 6 जून 2008

हम कहां जाएं


हास्य-गजल
छुपे हैं चोर थाने में पकड़ने हम कहां जाएं
दरोगा बन गया साला अकड़ने हम कहां जाएं
पलस्तर चढ़ गया पक्का हमारे दोनों हाथों में
टंकी है नाक पर मक्खी रगड़ने हम कहां जाएं
लगा है शौक पढ़ने का हमें यारो बुढ़ापे में
बंधी भैंसें मदरसे में तो पढ़ने हम कहां जाएं
खुजाकर सिर किया गंजा ना आई बात भेजे में
लिया है जन्म अगड़ों में पिछड़ने हम कहां जाएं
ना बिजली है ना पानी है ना सीबर है ना सड़के हैं
बसाया घर है यू.पी में उजड़ने हम कहां जाएं
कटे हैं सीरियल में दिन गुजारी रात फिल्मों में
जो नीरव घर में हो टी.वी. बिगड़ने हम कहां जाएं
पं. सुरेश नीरव
मो.९८१०२४३९६६

गुरुवार, 5 जून 2008

रिश्ता किसी ने खूब निभाया है प्यार का

हास्य गजल
रिश्ता किसी ने खूब निभाया है प्यार का
तोहफे में उसने भेजा है मच्छर बुखार का
खोया गधा है देखिए फिर से कुम्हार का
शायद मजाक उसने उड़ाया है प्यार का
इक डब्बा खाली भेज के हमको अचार का
यारों ने फार्मूला सिखाया है प्यार का
नामोनिशान मिट गया उसके बुखार का
चूरन कुछ ऐसा हमने चटाया है प्यार का
जब उनका खत पढ़ा हमें मिरगी-सी आ गई
इठला के उसने जूता सुंधाया है प्यार का
इक चॉकलेट खाते ही कर डाली फिक्स डेट
पागल ने कितना रेट घटाया है प्यार का
गन्ने-सा रोज चूस के हमको किया रिजेक्ट
कैसा जनाजा उसने उठाया है प्यार का
नीरव की टूटी खाट भी नीलाम हो गई
जिस दिन से चैक उसने भुनाया है प्यार का।
पं. सुरेश नीरव
मो.९८१०२४३९६६


क्या आप कल के लिए

क्या आप कल के लिए
हास्य-गजल
तुक भिड़एंगे क्या आप कल के लिए
गीत गाएंगे क्या आप कल के लिए
नाश्ते में कनस्टर को खाली किया
भर के लाएंगे क्या आप कल के लिए
आज रेंके तो कर्फ्यू शहर में लगा
गुल खिलाएंगे क्या आप कल के लिए
आखिरी थी अठन्नी उड़ी इश्क में
अब बचाएंगे क्या आप कल के लिए
दिल में जो कुछ भी था हिनहिनाया सभी
बिलबिलाएंगे क्या आप कल के लिए
जितना मक्खन था सब मल दिया बॉस को
दुम हिलाएंगे क्या आप कल के लिए
पूरा वेतन महाजन के हत्थे चढ़ा
अब पकाएंगे क्या आप कल के लिए
इक पजामा था नीरवजी चोरी हुआ
अब सिलाएंगे क्या आप कल के लिए?
पं. सुरेश नीरव
मो.९८१०२४३९६६

मंगलवार, 3 जून 2008

आज का इनसान


गजल
सलवटोंवाला बिछौना आज का इनसान
वासना का है खिलोना आज का इनसान
क्यों किसी शैतान की तीखी नजर लगती
हो गया काला डिठोना आज का इनसान
धमनियों में है तपिश चढ़ती जवानी की
ढूंढता है कोई कोना आज का इनसान
ओढ़ली जबसे शरारत बेचकर ईमान
दूर से लगता सलौना आज का इनसान
नाचती है अब सियासत देश में नंगी
है मिनिस्टर-सा घिनौना आज का इनसान
पूरे आदमकद हुए हैं पाप के पुतले
और होगा कितना बौना आज का इनसान
आ गया नीरव चलन में कैसा तिरछापन
हो गया बिल्कुल तिकोनाआज का इनसान।
पं. सुरेश नीरव
मो.९८१०२४३९६६

रविवार, 1 जून 2008

लिख देंगे।

हास्य-गजल-
रोज-रोज के झगड़ों पर अब हम किताब लिख देंगे
तेरे हर इक लव लैटर का हम जवाब लिख देंगे
तेरी मम्मी को नुस्खे में हम जुलाब लिख देंगे
तेरे डैडी को हड्डी में हम कबाब लिख देंगे
मेकअप करके मिलीं अगर खानाखराब लिख देंगे
जिस दिन तुमने जेब न काटी इंकलाब लिख देंगे
हब्शी-से तेरे होंठों को लाजवाब लिख देंगे
जब भी याद करोगे हम हाजिर जनाब लिख देंगे
सिकुड़े से सींकिया बदन पर हम शवाब लिख देंगे
निचुड़े गालों पर उंगली से हम गुलाब लिख देंगे
तेरे तन की चुस्त पैंट को हम जुराब लिख देंगे
तेरे स्लीवलैस ब्लाउज को हम शराब लिख देंगे
मावस जैसे इस मुखड़े को माहताब लिख देंगे
नीरवजी अनपढ़ धन्नो को मैमसाब लिख देंगे।
पं. सुरेश नीरव
मो.-९८१०२४३९६६